गोपाल कृष्ण गांधी कौन है: क्या विपक्ष बना सकता है इनको राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार। यहाँ जानें पूरी डिटेल।

देश में जुलाई महीने में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। इस बार राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी का नाम  सामने आया है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को विपक्षी दलों की बैठक की थी। इस बैठक में गांधी के नाम को संयुक्त उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया गया।

साथ ही फारूक अब्दुल्ला के नाम का भी प्रस्ताव रखा गया। हालांकि अभी तक केवल शरद पवार के नाम पर ही सहमति बनी है, लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया।

बता दें कि इससे पहले साल 2017 में गोपालकृष्ण गांधी भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए सर्वसम्मति से विपक्षी उम्मीदवार थे। हालांकि एम वेंकैया नायडू से वह चुनाव हार गए थे।

गोपालकृष्ण गांधी ने नेताओं से उनके अनुरोध पर निर्णय लेने के लिए और समय मांगा है। उल्लेखनीय है कि देश के मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल आगामी 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

गोपालकृष्ण गांधी राष्ट्रपिता महात्‍मा गांधी के पोते और देवदास गांधी और लक्ष्‍मी गांधी के बेटे हैं। सी राजगोपालचारी उनके नाना थे। उनका का जन्‍म 22 अप्रैल 1945 को हुआ था।